रेलगाड़ियों की लेटलतीफी ने किया परेशान
पद्मावत पांच, नौचंदी सवा चार घंटे रही लेट
फोटो संख्या 4
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। मुरादाबाद मंडल में चल रहे काम की वजह से निरस्त ट्रेनों का संचालन पटरी पर लौट आया है, जिससे यात्रियों को राहत मिली है। दूसरी तरफ ट्रेनों की लेटलतीफी ने परेशानी बढ़ा दी है। मुरादाबाद मंडल की ओर से आने वाली ज्यादातर गाड़ियां चार से पांच घंटे लेट पहुंचीं, जिससे लंबी दूरी का यात्रा करने वाले यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। उन्नाव-लखनऊ रेल मार्ग पर पिपरसंड रेलवे स्टेशन के लूप लाइन निर्माण के लिए निरस्त की गई इंटरसिटी एक्सप्रेस भी पटरी पर लौटने लगी है।
मुरादाबाद मंडल में काम की वजह से नौचंदी, जनता और त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई थी। पांच दिन निरस्त रहने के बाद इन ट्रेनों की संचालन पटरी पर लौटने लगा। अभी सिर्फ प्रयागराज की ओर से आने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त है, जो शुक्रवार से चलने लगेगी। बाकी सभी ट्रेनें दौड़ने लगी हैं। पिपरसंड स्टेशन पर चल रहे काम की वजह से कानपुर और प्रतापगढ़ के बीच फर्राटा भरने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस तीन दिन तक निरस्त की गई थी। कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार से दौड़ने लगी, जबकि प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी शुक्रवार से पटरी पर लौट आएगी।
बृहस्पतिवार को दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस पांच घंटे, सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस सवा चार घंटे, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल पौने चार घंटे, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल पौने चार घंटे लेट आई। ये सभी ट्रेनें लंबी दूरी का सफर तय करती हैं और मुरादाबाद मंडल से होकर आती हैं। इसके अलावा लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी, लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी पौने एक घंटे, बनारस-देहरादून जनता मेल व हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल आधे घंटे लेट आई। इससे यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा।