लखनऊ। कोहरे के चलते दिल्ली की वीआईपी ट्रेनें बुधवार को घंटों लेट रहीं। उधर, खराब मौसम के कारण सात उड़ानें रद्द कर दी गईं। उधर, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बंगलूरू आदि रूटों के विमान देरी के शिकार हुए। दिल्ली से लखनऊ आ रही फ्लाइट को श्रीनगर डायवर्ट करना पड़ा।
अमौसी से मुंबई के लिए रात 11 बजे उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 45 मिनट की देरी से रवाना हो सकी। शाम चार बजे की फ्लाइट 2.16 घंटे की देरी से मुंबई पहुंची। शाम 4.39 बजे वाली मुंबई की उड़ान आधे घंटे लेट रही। मुंबई से लखनऊ रात 8.35 बजे आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 55 मिनट लेट पहुंची। इंडिगो की दोपहर 1.16 बजे की उड़ान एक घंटे 56 मिनट देरी से आई।
लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की मंगलवार रात 12.28 बजे की उड़ान डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। दिल्ली से शाम 4.46 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान 45 मिनट लेट रही। इंडिगो की ही सुबह 6.54 बजे दिल्ली से आने वाली उड़ान को खराब मौसम के चलते श्रीनगर डायवर्ट कर दिया गया। इंडिगो की रात 10.33 बजे की उड़ान डेढ़ घंटे लेट पहुंची।
इन फ्लाइटों को किया गया निरस्त
कोहरे के चलते निरस्त सात फ्लाइटों में मुंबई, प्रयागराज, इंदौर और आगरा की उड़ानें शामिल हैं। नागपुर से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 7467 कैंसिल रही। इंडिगो की प्रयागराज जाने वाली उड़ान 6ई 7936 और 6ई 7935 रद्द रहीं। आगरा की इंडिगो की उड़ान 6ई 7932, मुंबई की 6ई 2341, वाराणसी की उड़ान 6ई 7739, मुंबई की फ्लाइट 6ई 5141 भी निरस्त रही।
रेंग-रेंगकर चलीं ट्रेनें
कोहरे के चलते दृश्यता शून्य होने से ट्रेनों को रेंग-रेंगकर चलना पड़ा। तेजस एक्सप्रेस 3.56 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची। वहां से आने वाली तेजस भी एक घंटे 20 मिनट रिशेड्यूल की गई। शताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली से 2.10 घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची। इससे दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस एक घंटे देरी से रवाना हुई। दिल्ली से आने वाली लखनऊ मेल एक घंटे 20 मिनट, दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल 45 मिनट, चारबाग से चलने वाली एसी एक्सप्रेस 3.02 घंटे देरी से दिल्ली पहुंची। दिल्ली से चारबाग आने वाली एसी एक्सप्रेस सवा घंटे देरी से पहुंची। चंडीगढ़ से आने वाली चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस तीन घंटे व लखनऊ से जाने वाली चंडीगढ़ एक्सप्रेस एक घंटे 17 मिनट लेट रही। मुंबई से लखनऊ आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस 55 मिनट देरी से आई।