लखनऊ। प्रदेश के 71 जिलों से दिन में कोरोना कर्फ्यू हट जाने के बाद रेलवे इन जिलों में ट्रेनों का संचालन बढ़ाने में जुट गया है। यात्रियों की मांग पर रेलवे निरस्त ट्रेनों को बहाल करना शुरू कर रहा है। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे ने सोमवार को लखनऊ से आगरा की इंटरसिटी को बहाल किया है। इसके बाद लंबी दूरी की ट्रेनों जैसे मुंबई और दक्षिण भारत की ट्रेनों को बहाल किया जाएगा। उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडलों में अब रद्द इंटरसिटी और अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों पर मंथन शुरू हो गया है। इसमें गोरखपुर लखनऊ इंटरसिटी सहित लखनऊ से प्रयाग तथा लखनऊ से वाराणसी के बीच चलने वाली इंटरसिटी स्पेशल ट्रेनें हैं। राज्यरानी स्पेशल, फैजाबाद से कानपुर अनवरगंज के बीच चलने वाली इंटरसिटी समेत कई अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की मांग के आधार पर निरस्त ट्रेनों का धीरे-धीरे संचालन किया जाएगा। कोरोना के केसों में कमी आने के बाद घरेलू फ्लाइटें दोबारा बढ़ने लगी हैं। बीते दो हफ्तों में छह उड़ानें बहाल हुई हैं। वहीं, कोलकाता, मुंबई और दिल्ली की सात और उड़ानें जल्द शुरू होंगी। गत माह तक अमौसी एयरपोर्ट पर आने व यहां से जाने वाली उड़ानों की संख्या 27 थी, जो सोमवार को 33 पहुंच गई। गो एयर की करीब 19 उड़ानों को दोबारा रनवे पर लाया जा रहा है। लखनऊ से कोलकाता जाने वाली गो-एयर की फ्लाइट जी8- 281 और जी8-282 बहाल कर दी गई है। इसके अलावा दिल्ली और अहमदाबाद की उड़ानें भी शुरू कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को खासी राहत हो गई है। इंडिगो भी हफ्तेभर में लखनऊ से चंडीगढ़ तथा कोलकाता की उड़ानें बहाल करने जा रही है।