रायबरेली। लखनऊ के मोहनलालंगज के पास ट्रैफिक ब्लॉक लगा होने और आलमनगर के पास ट्रैक मरम्मत के चलते बृहस्पतिवार को कई ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ। अर्चना एक्सप्रेस और पंजाब मेल भी दूसरे रास्ते से चलाए जाने के कारण प्रभावित हुईं। इन ट्रेनों के इंतजार में रायबरेली स्टेशन पर यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
रायबरेली स्टेशन पर निर्धारित समय से 16 मिनट पहले आई देहरादून जाने वाली जनता मेल हरचंदपुर में रोके जाने से पौने तीन घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची। हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल करीब एक घंटे विलंब से रायबरेली आई। यह ट्रेन लखनऊ स्टेशन पर तीन घंटे से ज्यादा देरी से पहुंची।
अर्चना एक्सप्रेस और अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल को लखनऊ के ट्रांसपोर्टनगर से चलाया गया। रायबरेली स्टेशन पर अर्चना एक्सप्रेस सवा घंटा और पंजाब मेल सवा दो घंटे विलंब से आई। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से लखनऊ जाने वाली ट्रेनें प्रभावित हुईं। ट्रेनों को कई स्टेशनों पर ज्यादा देर तक रोका गया। इसके साथ लखनऊ और आलमनगर के बीच ट्रैक पर कार्य होने के कारण आने वाली ट्रेनें प्रभावित हुईं।