लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने बुधवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने अनावश्यक गृहकर और बिना कनेक्शन के पानी के बिलों को वापस लेने की मांग की। कहा कि पुराने नियम अप्रासंगिक हो गए हैं। इनमें संशोधन होना चाहिए, ताकि व्यापारियों का शोषण न हो। उन्होंने लखनऊ को स्वच्छता में अग्रणी बनाने के लिए व्यापार मंडल का सहयोग लेने का आग्रह किया। बंसल ने मंत्री को ''हम हैं ऊर्जा रक्षक'' अभियान की जानकारी दी। इस अभियान का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने ऊर्जा विभाग से ठोस योजना बनाने की मांग की। एक पत्रावली भी सौंपी। मंत्री एके शर्मा ने सभी बातों से सहमति जताई। उन्होंने समाधान निकालने और ऊर्जा रक्षक अभियान की प्रशंसा करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने जल्द ही एक बड़ी बैठक बुलाकर संगठन के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की बात कही।