गुडंबा। जानकीपुरम नहर रोड स्थित तिवारी चौराहे के पास इंटरलॉकिंग प्लांट में शनिवार रात पिकअप के नीचे आने से ट्रैक्टर चालक (35) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। भाई दिनेश की तहरीर पर जानकीपुरम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि सीतापुर के रोहिया शिवपुर निवासी रमेश प्लांट में ट्रैक्टर चलाते थे। शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह प्लांट परिसर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी चालक पिकअप में ईंट लादने के बाद उसे पीछे करने लगा। उसने पीछे सो रहे रमेश पर ध्यान नहीं दिया और पिकअप का पहिया उस पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में रमेश को ट्रामा सेंटर जानकीपुरम पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पिकअप कब्जे में लिया गया है। आरोपी चालक की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।