लखनऊ। केजीएमयू रेपिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत ने बताया कि तंबाकू की वजह से 25 बीमारियां और 40 तरह का कैंसर फैलता है। मुंह, गले, फेफडे़, प्रोस्टेट, पेट के कैंसर व ब्रेन ट्यूमर आदि की वजह भी तंबाकू ही बनती है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर उन्होंने विभाग में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने सभी से तंबाकू का सेवन बंद करने की अपील की।
वालंटरी हेल्थ एसोसिएशन की ओर से मीडिया इंटरैक्शन कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय होटल में किया गया। संस्था के सदस्य जेपी शर्मा ने ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 10 से 15 साल के 14.6 प्रतिशत विद्यार्थी तंबाकू व धूम्रपान का सेवन कर रहे हैं। वहीं राज्य तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ ने अपने सहयोगी रूरल डेंटल सोसाइटी फॉर ओरल डिजीज प्रिवेंशन एंड क्योर के साथ मिलकर मंगलवार को सुल्तानपुर रोड स्थित अर्जुनगंज में तंबाकू उन्मूलन केंद्र का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य सलाहकार सतीश त्रिपाठी ने सेंटर का उद्घाटन किया।