लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में डायलिसिस के लिए मरीजों की लाइन अब कम हो जाएगी। इसके लिए इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में तीन और मशीन आने वाली हैं। इनकी खरीद को मंजूरी मिल गई है। अभी इमरजेंसी में डायलिसिस की करीब छह मशीनें हैं, लेकिन कई बार यह भी पर्याप्त नहीं होती है। इसको देखते हुए केजीएमयू प्रशासन ने तीन नई मशीनें मंगाने का ऑर्डर दिया है। तीनों मशीन के लिए 90 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के मुताबिक, विश्वविद्यालय प्रशासन इलाज के लिए लगने वाली लाइनों को लेकर काफी संवेदनशील है। प्रयास है कि डायलिसिस ही नहीं, अन्य इलाज और जांच में लगने वाली वेटिंग समाप्त की जाए।