लखनऊ। बीबीडी, पीजीआई, मानकनगर व मलिहाबाद इलाके में चोरों ने पांच मकानों पर धावा बोलकर नकदी, जेवर व कीमती सामान पार कर दिया। वहीं, बाजारखाला में एक गोदाम से 15 हजार रुपये कीमत का तार चोरी हो गया।
बीबीडी के हांसेमऊ निवासी मोहित कुमार अवस्थी एक सप्ताह पहले भतीजे के तिलक में बाराबंकी के रामनगर गए थे। इस बीच मोहित की भाभी सुमन के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने गहने व 25 हजार रुपये पार कर दिए। चोरों ने मोहित के कमरे का भी ताला तोड़ने का प्रयास किया पर नाकाम रहे। शनिवार को मोहित ने बीबीडी थाने में केस दर्ज कराया है।
पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी निवासी हरिशचंद्र ओझा के घर में घुसे चोर जेवर व 25 हजार रुपये चुरा ले गए। उन्होंने शनिवार को पीजीआई थाने में केस दर्ज कराया। इसके अलावा मानकनगर स्थित आरडीएसओ कॉलोनी निवासी मनीष यादव के मकान से चोर 45 हजार रुपये व सोने की अंगूठी चुरा ले गए। मनीष ने शनिवार को एफआईआर दर्ज कराई।
वहीं, मलिहाबाद के वाजिदनगर में रहने वाले अखिलेश कुमार के घर में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया और पायल, अंगूठी व दो हजार रुपये चुरा ले गए। उनके पड़ोस के रहने वाले सजीवन लाल के घर से भी चोर मोबाइल उड़ा ले गए।
तालकटोरा के राजाजीपुरम निवासी गौरव बाजारखाला स्थित मेहता इंटरस्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन में बतौर प्रबंधक कार्यरत हैं। उनके मुताबिक आठ मार्च की सुबह गोदाम से 15 हजार रुपये कीमत का कॉपर का तार चोरी हो गया। सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर करन यादव नामक युवक और उसका एक साथी तार चोरी करते दिखे। शनिवार को गौरव ने बाजारखाला थाने में केस दर्ज कराया है।