लुलु मॉल की पार्किंग में खड़ी कार से जेवरात उड़ाने के आरोपी इम्तियाज को उन्नाव से धर दबोचा। आरोपी उन्नाव के गंगानगर कटरी पीपल खेड़ा का रहने वाला है।
वह अपने कानपुर निवासी कार मालिक के साथ मॉल आया था और मौका पाकर एक महिला की कार से पर्स उड़ा दिया था।
फुटेज और खाते की डिटेल से पता निकालकर पुलिस ने घटना का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी के पास से जेवरात, 1500 नकद और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है।
डीसीपी दक्षिणी राहुल राज के मुताबिक, अंसल निवासी दीपशिखा 13 दिसंबर को लुलु मॉल से खरीदारी कर घर चली गईं थीं।
शाम पांच बजे ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें फोन कर ट्रांसपोर्ट नगर में उनके डेबिट कार्ड मिलने की सूचना दी। इस पर दीपशिखा ने पाया कि कार में उनकी पर्स नहीं थी।
इसमें झुमके, नेकलेस व कंगन समेत लाखों का सामान था। केस दर्ज कर पुलिस ने मॉल में सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक युवक कार से चोरी करता दिखा। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शुक्रवार को इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया।
भुगतान काउंटर से खाते की डिटेल से मिला पता
प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र गिरि ने बताया कि फुटेज में दिखी कार के नंबर पर दर्ज पते पर टीम कानपुर पहुंची, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद फुटेज का सहारा लिया तो आरोपी के साथ एक और युवक दिखाई दिया। पता चला कि वह परिवार के साथ मॉल आया था और कार्ड से भुगतान करता देखा गया। काउंटर से उसके खाते की डिटेल ली और पते पर पहुंची। पूछताछ में उसने फुटेज देखकर आरोपी की पहचान अपने चालक इम्तियाज के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।