रायबरेली। निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार से शुरू हो रही नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा की कड़े किलेबंदी रहेगी। यदि किसी ने सुरक्षा मेंं खलल डालने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और सभासद पद के दावेदारों की नामांकन प्रक्रिया सदर तहसील में कराई जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सदर तहसील में नामांकन प्रक्रिया के दौरान 12 थाना प्रभारी, 20 निरीक्षक, 200 सिपाही, एक कंपनी पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। सीओ सदर वंदना सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी। सदर तहसील स्थित नामांकन कक्षों में बैरीकेडिंग करा दी गई है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सभासद के पदों को लेकर होने वाले नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी क्षेत्रीय सीओ व थानेदार को सौंपी गई है। नामांकन स्थल से 200 मीटर दूरी पहले ही दावेदारों के समर्थकों को रोक दिया जाएगा। उधर, एसपी आलोक प्रियदर्शी ने पुलिस लाइंस में सीओ व थानेदारों के साथ बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कहा कि डयूटी के प्रति किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नामांकन कक्ष के अंदर प्रत्याशी, उसके एक सहायक, प्रस्तावक और एक एजेंट को ही अंदर जाने दिया जाएगा। इसके अलावा नामांकन कक्ष के अंदर कोई नहीं जा पाएगा।