बीबीएयू के प्रांगण में पौधरोपण के लिए जुटे लोग।
लखनऊ। एक पेड़ मां के नाम महाभियान को लेकर बुधवार को जबरदस्त उत्साह दिखा। आम जनता से लेकर मंत्री तक ने इसमें अपनी भागेदारी दी। वन विभाग का दावा है कि राजधानी में एक दिन में करीब 36 लाख पौधे रोपे गए। सुबह से ही शुरू अभियान के तहत तमाम विश्वविद्यालयों से लेकर सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ शहर के पार्कों में भी लोग पौधे लगाने के लिए जुटे। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में महज 15 सेकंड में 2100 पौधे रोपे गए। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्णायक स्वनिल डंगारिका की निगरानी में यह प्रयास किया गया। इसमें बीबीएयू के अलावा आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जोश के साथ सहयोग दिया। डीएसडब्ल्यू प्रो. नरेंद्र कुमार ने बताया कि दो ड्रोन कैमरों, तीन वीडियो कैमरों से रिकॉर्डिंग की गई। इस दौरान अपील की गई कि रोपित पौधे के साथ फोटो माई लाइफ पोर्टल पर अपलोड करें। सर्वश्रेष्ठ फोटो को सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने बताया कि अभियान में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, जिलाधिकारी विशाख जी भी शामिल हुए।