लखनऊ। इंदिरानगर के इंसाफनगर स्थित पानी गांव में चोरों ने बैंक अधिकारी जहीर अहमद के घर से 20 लाख रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चुरा लिए। जहीर अहमद उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की फरिहा शाखा, आजमगढ़ में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वह 9 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे मकान में ताला लगाकर आजमगढ़ चले गए थे। शनिवार शाम घर लौटने पर उन्हें कमरे का इंटरलॉक टूटा मिला। अलमारियों के ताले भी टूटे थे और उनमें रखे करीब 20 लाख रुपये के जेवर व 20 हजार रुपये नकद गायब थे। इंस्पेक्टर इंदिरानगर अजय नारायण सिंह ने बताया कि चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।