चोरी के बाद मूर्तियों की तस्वीर
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के ठाकुरगंज के हुसैनाबाद इलाके में चोरों ने बीती रात एक मंदिर पर धावा बोला और वहां से भगवान की मूर्तियों पर चढ़े जेवरात व दानपात्र से हजारों रुपये चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो उनको चोरी का पता चला। सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर दो चोर मंदिर में चोरी करते नजर आए हैं। फिलहाल ठाकुरगंज पुलिस ने चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है और चोरों की तलाश में जुटी है।
ठाकुरगंज के हुसैनाबाद स्थित जाम मस्जिद के पास मां पूर्वी देवी एवं महाकालेश्वर नाम से एक मंदिर है। मंदिर के व्यवस्थापक विनीत शर्मा ने बताया कि रोज की तरह बृहस्पतिवार रात मंदिर के पुजारी नमिष पांडेय मंदिर में ताला लगाकर अपने घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह पुजारी जब मंदिर पहुंचे तो मंदिर के द्वार व चैनल पर लगे ताला टूटे मिले। दानपात्र भी टूटा था। पुजारी ने अंदर जाकर देखा तो भगवान की मूर्तियों पर चढ़े सारे जेवरात गायब थे। पुजारी ने सूचना मंदिर के अध्यक्ष व अन्य लोगों को दी। खबर पाकर पास में ही रह रहे विनीत शर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को मंदिर में चोरी की खबर दी। कुछ ही देर में एसीपी चौक सुनील कुमार सहित ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन के बाद इस मामले में चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह सामान मंदिर से हुआ चोरी
पूर्वी देवी एवं महाकालेश्वर से चोर 8 चांदी के मुकुट, एक छोटा और एक बड़ा छत्र, कान के कुंडल और दानपात्र से हजारों रुपये चोरी कर ले गए। चोर दानपात्र में मौजूद सिक्के वहीं छोड़ गए।
सीसीटीवी कैमरे में रात सवा तीन बजे दिखे चोर
मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो दो चोर रात सवा तीन बजे मंदिर में नजर आए। दोनों चोरों ने गमछा पहन रखा था। एसीपी चौक सुनील कुमार का कहना है कि चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फुटेज में दिख रहे चोरों की तलाश में पुलिस की टीम लगाई गई है। संभावना है कि चोर इलाके के ही हैं। जल्द ही उनको पकड़ लिया जाएगा।