लखनऊ। आशियाना के सेक्टर-एन में रहने वाले सेवानिवृत्त बैंककर्मी बृजेश कुमार सिन्हा के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवर व नकदी पार कर दी। चोर डीवीआर भी ले गए हैं। बृजेश कुमार सिन्हा के बड़े बेटे अमित ने बताया कि छोटा भाई पीयूष अहमदाबाद में रहता है। 12 जनवरी को माता-पिता पीयूष के पास गए थे। वहां मां की तबीयत बिगड़ने पर वह भी अहमदाबाद चला गया। बृहस्पतिवार को लौटा तो मकान का ताला टूटा मिला। गृहस्थी बिखरी थी। चोर आलमारी का ताला तोड़कर 80 हजार रुपये नकद, लाखों के जेवर ले गए। चोर घर में लगे कैमरे की डीवीआर भी ले गए। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।