बख्शी का तालाब। महिगवां के दरियापुर चौराहे के पास बृहस्पतिवार सुबह एक पेड़ से दुपट्टे के सहारे उत्तम उर्फ छोटू (25) का शव लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, उत्तम ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। एसओ महिगवां राधेश्याम मौर्य के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े आठ बजे लोगों ने विशंभर खेड़ा, अल्दमपुर निवासी उत्तम का शव लटका देखा और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर रहने वाले परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उत्तम शराब पीने का आदी था। वह अक्सर घर नहीं जाता था और इधर-उधर घूमता रहता था। शराब की लत के चलते उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। एसओ ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।