रायबरेली। लालगंजकोतवाली क्षेत्र के मधई का पुरवा गांव निवासी एक युवक ने ऑनलाइन जीप खरीदने के चक्कर में 34 हजार रुपये गंवा दिए। साइबर ठगों ने पीड़ित युवक से दो बार में अपने खाते में ऑनलाइन पेमेंट करा ली। पीड़ित ने पुलिस व साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। गांव निवासी महेंद्र ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने बोलेरो की ऑनलाइन प्रचार सामग्री देखकर विक्रेता से संपर्क किया। विक्रेता ने खुद को फौजी बताकर मेरठ कैंट में पोस्ट होने की बात बताई और एक लाख चालीस हजार में सौदा तय किया। पीड़ित ने डिलवरी के नाम पर पहली किस्त के रूप में 13 हजार रुपये ऑनलाइन भेजने की बात कही। पीड़ित ने बताया कि साइबर ठगों ने उससे दो बार में 34 हजार रुपए ले लिए। जब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने दोबारा फोन कर आरोपी से अपने रुपए वापस मांगे। इस पर आरोपी ने उसे 14 हजार रुपए भेजने की शर्त पर ही रुपए वापस करने की बात कही।