रायबरेली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास के मुद्दे पर बिना नाम लिए रविवार को गांधी परिवार और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा कि देश और प्रदेश में जो काम पिछले 70 सालों में नहीं हुआ, वह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महज 10 साल में हो गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के लोकार्पण व एम्स परिसर में बनने वाले 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक के शिलान्यास के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों को जमकर कोसा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 10 वर्षों में इस प्रदेश ने क्रांतिकारी परिवर्तन देखे हैं। इस दौरान एक नए भारत का निर्माण हुआ है। इसमें भारत के हर नागरिक को सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य की गारंटी देने व युवाओं के खाली हाथों को आजीविका से जोड़ने का काम किया गया है। उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि रायबरेली के एम्स के लोकार्पण के बाद प्रदेश को दो एम्स मिलने जा रहे हैं। दूसरे एम्स का कार्य गोरखपुर में चल रहा है, जो जल्द पूरा हो जाएगा।
पहले प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं ठीक नहीं थीं, लेकिन आज ऐसा नहीं है। न सिर्फ स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुईं हैं, बल्कि उसका लाभ आम जनता को सीधे तौर पर मिल रहा है। उन्होंने 2017 में सत्तासीन होने के समय को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में कहीं डेंगू तो कहीं इंसेफलाइटिस जैसी अनेक बीमारियां अपना विकराल रूप धारण करती थीं। उन्होंने कहा कि 1947 से 2017 के मध्य प्रदेश में मात्र 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन आज प्रदेश के 75 जिलों में 65 सरकारी व गैरसरकारी मेडिकल कॉलेज हैं और 14 और जिलों में मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। सरकार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निजी क्षेत्र को मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए प्रेरित कर रही है।
योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार गरीब से गरीब जनता को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए काम कर रही है। रायबरेली का यह एम्स स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। खाद्य संबंधी बहुत सारी लेबोरेट्री का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री के कर कमलों से हो रहा है। इसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा। सीएम ने प्रदेश को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व प्रदेश की जनता को बधाई दी। कहा कि रायबरेली में एम्स के उद्घाटन के साथ प्रयागराज में सुपरस्पेशिएलिटी अस्पताल का शिलान्यास भी होने जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को आश्वस्त भी किया कि उनकी डबल इंजन की सरकार उनकी मंशा के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य करेगी।