संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी परियोजना के अरखा ऐश पांड के पास लकड़ी लाने गई महिला पर दो युवकों ने हमला कर दिया। पिटाई के बाद उसे ऐश पांड के दलदल में फेंक मौके से भाग निकले। चीखपुकार सुनकर मवेशी चरा रहे लोगों ने उसे बाहर निकाला और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाली क्षेत्र के अरखा गांव निवासी सुनीता (48) पत्नी स्व. राम प्रसाद बृहस्पतिवार की शाम ऐश पांड के पास खेत से लकड़ी लाने गई थी। लकड़ी लेकर लौटते समय वहां दो युवक पहुंचे और उससे भिड़ गए। महिला की घूसों से जमकर पिटाई की और उसे ऐश पांड के दलदल में फेंक दिया। शोर सुनकर चरवाहे वहां पहुंचे और दलदल में फंसी महिला को किसी तरह बाहर निकाला। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि महिला युवकों को पहचान नहीं पाई है। अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज छानबीन की जा रही है। संवाद