लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दरोगा राम प्रताप सिंह ने एक महिला पर वीआईपी फ्लीट के दौरान सड़क पार करने और हाथापाई का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। दरोगा के अनुसार 15 अक्तूबर की शाम करीब चार बजे उनकी ड्यूटी शहीद पथ पर ट्रू वैल्यू कट के पास थी। वहां से वीआईपी फ्लीट गुजरनी थी। आरोप है कि मड़ियांव के भरत नगर निवासी मुस्कान जायसवाल ने डिवाइडर पार कर सड़क पार करने का प्रयास किया। रोकने पर गाली-गलौज की और हत्या की धमकी भी दी। उसे हिरासत में लेकर जब दरोगा दीपिका सिंह ऑटो से थाने ले जाने लगीं तो मुस्कान ने हाथापाई की। इससे दीपिका सिंह को चोटें आईं। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।