शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के कुंभी ग्राम पंचायत के दौलतखेड़ा गांव में जल जीवन मिशन के नलकूप कार्यालय पर तैनात चौकीदार शिवकिशोर जायसवाल की बड़ी बेरहमी से हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि गला दबाकर और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतारा गया था। आशंका जताई जा रही है कि लूट का विरोध करने पर उसे मारा गया। हालांकि पुलिस कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। मंगलवार को पुलिस घटना की बाबत पूछताछ के लिए कई संदिग्ध लोगों को उठाया।
दरअसल, दौलतखेड़ा गांव में दो साल से जलजीवन मिशन योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण हो रहा है। इसे लेकर कार्यालय पर दो चौकीदार नियुक्त किए गए हैं। गांव निवासी शिवकिशोर (54) रविवार की रात ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। घटनास्थल से सरिया काटने के लिए लगाया गया छोटा पांच केवीए का जनरेटर, दो बैटरी, एक इनवर्टर भी गायब था। इससे कयास लगाया जा रहा है कि लूटपाट का विरोध करने के बाद चौकीदार की हत्या की गई। प्रेम-प्रसंग के एंगल से भी पुलिस घटना की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर और पिटाई करके चौकीदार की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। चौकीदार के बेटे कुलदीप की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके पड़ताल की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा होगा।
किसी से नहीं थी दुश्मनी
ग्रामीणों की मानें तो शिवकिशोर सरल स्वभाव का व्यक्ति था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। सभी के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले शिवकिशोर की आखिर इतनी बेरहमी से हत्या क्यों कर दी गई, यही सोचकर हर कोई हैरान है। मंगलवार को मृतक चौकीदार के शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।