लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के जनसंचार व पत्रकारिता विभाग तथा अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला का शनिवार को समापन हुआ। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि तथ्यपरक, निष्पक्ष और उत्तरदायी पत्रकारिता ही मीडिया की विश्वसनीयता की आधारशिला है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अम्बेकर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि समाज तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना मीडिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यशाला में इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. केजी सुरेश व इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डॉ. रवि सूर्यवंशी ने विचार रखे।