लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव में बिखरी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की छटा
लखनऊ। अवध शिल्पग्राम में बृहस्पतिवार को लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव शुरू हुआ। शाम को कलाकारों ने प्रस्तुतियों की मनमोहक छटा बिखेरी। मुख्य अतिथि आचार्य मोहित शुक्ला रहे। उनकी पत्नी डॉ. सपना शुक्ला टैरो ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। प्रगति इवेंट संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन कराना ही नहीं बल्कि देश की संस्कृति की खूबसूरती से रूबरू कराना है। प्रदुमन, वेदांश, और विदिता ने भक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने नृत्य की प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। साक्षी द्विवेदी के निर्देशन में नृत्य संगीत की प्रस्तुतियां हुईं। अनामिका यादव के निर्देशन में श्रेया, अद्विक, शिवांग, वेदिका, समृद्धि, गौरी रिद्धि, श्रीजल, अर्शिका ने खूबसूरत सामूहिक नृत्य पेश किया। संस्था के उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। महोत्सव में कई स्टॉल लगाए गए।