रात में हुई रिमझिम से जलभराव व बिजली अव्यवस्था ने बढ़ाई दुश्वारी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। जिले में शनिवार पूरे दिन आसमान में बादल तो छाए रहे लेकिन बारिश नहीं होने से लोग निराश हुए। हालांकि शुक्रवार रात जिले में कुछ स्थानों पर हुई रिमझिम ने इकौना नगर सहित अन्य स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा कर दी थी। इस दौरान पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। तराई में शुक्रवार को इंद्रदेव की मेहरबानी हुई तो कई स्थानों पर झमाझम बरसात से किसानों की मुंह मांगी मुराद पूरी हुई। बरसात होने से कोई धान की नर्सरी लगाने में जुट गया, तो कोई धान की रोपाई में लग गया। हालांकि इतनी बारशि अभी नाकाफी है। शनिवार पूरे दिन आसमान पर काले बादल छाए रहे। शुक्रवार रात हुई बरसात ने इकौना में सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। नालियां चोक होने से बरसात का पानी लोगों के घरों व दुकानों में घुस गया। कई दुकानदारों के दुकान का सामान भी भीग गया। लोग जलभराव के बीच आवागमन को विवश रहे। निरीक्षण भवन मार्ग पर जलभराव के कारण लोग परेशान दिखे। बरसात के कारण सिरसिया व गिलौला क्षेत्र के कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई जो शनिवार को बहाल हो सकी।