लखनऊ। हुसैनगंज इलाके में रहने वाले स्टेशनरी दुकानदार ने शुक्रवार दोपहर अपने घर में लाइसेंसी रिवाॅल्वर से गोली मारकर जान दे दी। पुलिस का कहना है कि उन्होंने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की है।
हुसैनगंज के पुराना किला स्थित डायमंड अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 निवासी सुनील कुमार जेटली (59) की आलमबाग के आनंदनगर में जेटली बुक स्टोर नाम से दुकान है। पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर तीन बजे सुनील ने अपने फ्लैट में लाइसेंसी रिवाॅल्वर से दाहिनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी लीली व बेटी प्रियंका कमरे में पहुंचीं तो सुनील खून से लथपथ थे। पास में ही उनकी रिवाॅल्वर पड़ी थी। परिजनों ने सुनील को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
हुसैनगंज पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना में प्रयोग की गई लाइसेंसी रिवाॅल्वर को कब्जे में ली गई है। सुनील के परिवार में पत्नी व बेटी के अलावा दामाद अनीश मिश्र हैं।
एसीपी हजरतगंज अरविंद कुमार ने बताया कि सुनील कुछ समय से बीमार थे। हाल में ही उनकी चीभ में अल्सर का ऑपरेशन हुआ था। डॉक्टरों ने बोलने से मना करते हुए आराम करने की सलाह दी थी। एसीपी का कहना है कि बीमारी और कारोबार के तनाव के चलते सुनील ने आत्महत्या की है।