लखनऊ। यूं तो सपने बंद आंखों में ही आते हैं। ...लेकिन कुछ सपने ऐसे भी होते हैं जिन्हें आंखें टकटकी लगाकर देखना चाहती हैं। इन सपनाें में जान होती है। इन सपनों के पीछे दिन-रात की मेहनत का अक्स नजर आता है। ...और इन सपनों की चमक उज्ज्वल भविष्य की राह भी दिखाती है।
कुछ ऐसी ही चमक दिखी उन मेधावियों की आंखों में जिन्हें सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के 67वें दीक्षांत समारोह में मेडल देकर सम्मानित किया गया। 104 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को खुद में समेटे इस विश्वविद्यालय के प्रांगण में खड़े होकर जब इन मेधावियों के गले में मेडल पहनाए जा रहे थे तो इन मेडल की आभा इनकी आंखों में साफ नजर आ रही थी। ...और इस आभा को देख रहे वहां बैठे इनके परिवारीजन और शिक्षकगण भी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि पद्मभूषण डॉ. विजय पांडुरंग भटकर और कुलाध्यक्ष राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में विद्यार्थियों को दीक्षांत के बाद नए सफर की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (एसएसी) अहमदाबाद के निदेशक नीलेश एम. देसाई को मानद उपाधि प्रदान की गई। 107 मेधावियों को 198 पदक प्रदान किए गए। इनमें से 77 छात्राएं और 30 छात्र थे। मंच पर पहली बार मेधावियों के साथ ही उनके माता-पिता को भी मंच पर जाने का मौका दिया गया। विवि का सबसे प्रतिष्ठित चांसलर मेडल अनुष्का को प्रदान किया गया। अंशिका को वाइस चांसलर और आयुष को चक्रवर्ती गोल्ड मेडल दिया गया। दीक्षांत समारोह में सबसे ज्यादा 13 पदक गणित विभाग की छात्रा शैलजा चौरसिया के हिस्से आए। इस मौके पर शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी मौजूद रहीं। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने सभी का स्वागत किया। इस मौके पर कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी के साथ ही शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
पहली बार दीक्षांत में गूंजा शंखनाद
लविवि के दीक्षांत समारोह के दौरान सोमवार को पहली बार शंखनाद भी सुनने को मिला। प्राच्य संस्कृत विभाग के शिक्षक डॉ. श्यामलेश की अगुवाई में छात्रों ने मंत्रोच्चारण के साथ ही शंखनाद कर दीक्षांत समारोह की शुरुआत की।
संकल्प के साथ आगे बढ़ने से आएगा बदलाव
विवि की कुलाधिपति और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य निर्धारित करके संकल्प के साथ आगे बढ़ने से ही बदलाव आता है। इसलिए संकल्प के साथ आगे बढ़ते रहें। राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह में शिक्षकों के बच्चों ने काफी पदक जीते हैं। इसकी वजह है कि उनकी नींव मजबूत रही है। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने की प्रतिस्पर्धा सकारात्मक होनी चाहिए। राज्यपाल ने महात्मा गांधी के शब्दों की याद दिलाते हुए कहा कि कोई काम करने से पहले आप अपने समाज के सबसे गरीब व कमजोर व्यक्ति के चेहरे को याद करते सोचें कि इससे उस व्यक्ति के जीवन में क्या बदलाव आने वाला है।
फेल का मतलब सीखने की दिशा में पहला प्रयास
दीक्षांत समारोह में मानद उपाधि से सम्मानित किए गए अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (एसएसी) अहमदाबाद के निदेशक वैज्ञानिक नीलेश एम. देसाई ने विद्यार्थियों को लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इसरो कल्चर में तीन शब्दों- फेल, नो और एंड को बेहद सकारात्मक ढंग से लिया जाता है। फेल का मतलब होता है- फर्स्ट अटेम्प्ट इन लर्निंग, नो का मतलब-नेक्स्ट अपॉर्चुनिटी और एंड का मतलब- एफर्ट नेवर डाई। नीलेश एम. देसाई ने यह भी बताया कि अंतरिक्ष में यान भेजना इसरो के काम का महज 25 फीसदी हिस्सा होता है। बाकी 75 फीसदी काम में स्पेस, कम्युनिकेशन और सामाजिक हित के अन्य काम होते हैं।
कल्पनाशीलता में विकास की सबसे बड़ी ताकत
समारोह के मुख्य अतिथि रहे पहले भारतीय सुपर कंप्यूटर के प्रणेता पद्मश्री और पद्मभूषण डॉ. विजय पांडुरंग भटकर ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए कल्पनाशीलता सबसे बड़ी ताकत होती है। किसी भी चीज के बारे में कुछ सोचकर ही उसे वास्तविकता के धरातल पर उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व का भविष्य भारत से संबंधित रहेगा। सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में भारत और हार्डवेयर के क्षेत्र में चीन का पूरी दुनिया में प्रभुत्व है। देश के योगदान में उन्होंने लविवि जैसे विश्वविद्यालयों की बड़ी भूमिका बताई। उनके अनुसार, हमें यूनिवर्सिटी को ऐसे तैयार करना चाहिए कि अन्य राज्य के बच्चे भी हमारे यहां आएं।
इनके नाम रहे प्रमुख पदक-
अनुष्का जैन- चांसलर गोल्ड मेडल
आयुष चौहान- चक्रवर्ती गोल्ड मेडल
अंशिका तिवारी- वाइस चांसलर गोल्ड मेडल (एनसीसी)
शैलजा चौरसिया- 10 गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज।
वैष्णवी मिश्रा व रीमा चौधरी- नौ-नौ गोल्ड मेडल
जूली पटेल व हार्दिक गुप्ता- छह-छह गोल्ड मेडल
अर्पिता गोडिन, अर्पन शुक्ला, अनुराग सिंह- चार-चार गोल्ड मेडल
निखिल सिंह, अर्शी श्रीवास्तव, जान्हवी पटेल, अदिति बाजपेयी, दिव्यांशी मिश्रा, शशांक शेखर पांडेय, प्रियांशी गुप्ता, श्रुति गुप्ता, प्रिया मिश्रा, शिखर भारती- तीन-तीन गोल्ड मेडल।