लखनऊ। आयकर विभाग के प्रिंसिपल डायरेक्टर के खाते में चेक लगाकर 16.58 करोड़ रुपये निकालने की कोशिश के मामले में हजरतगंज पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है।
आरोपी मुंबई का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। रविवार को पुलिस इस केस का खुलासा करेगी।
आयकर विभाग में डिप्टी डायरेक्टर सुधाकर शुक्ला के अनुसार, एसबीआई बिजनेस ब्रांच में प्रिंसिपल डायरेक्टर का अकाउंट है। कुछ दिन पहले बैंक में एक चेक जमा हुआ, जो मारुति सोलर रिन्यूवल एनर्जी फर्म का था। चेक पर 16.58 करोड़ रुपये की राशि अंकित थी।
जांच में पता चला कि चेक पर बनाए गए हस्ताक्षर फर्जी हैं। इसके बाद उन्होंने चार मई को हजरतगंज कोतवाली पहुंच कर मारुति सोलर फर्म और अन्य अज्ञात के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज बनाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बैंक की फुटेज और अन्य जांच के बाद हजरतगंज पुलिस ने मुंबई निवासी हरेश गौरी शंकर को पकड़ा है।