लखनऊ। नगर निगम कार्यकारिणी की शनिवार को होने वाली बैठक टल गई है। अब यह सोमवार को होगी। बैठक में सबसे पहले कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चुनाव होगा, क्योंकि उपाध्यक्ष का पद एक महीने से खाली है। फिर अन्य प्रस्ताव लाए जाएंगे। इनमें 24 व 30 अक्तूबर, 13 और 18 नवंबर को हुई कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही की पुष्टि होगी। लेखा विभाग में बैलेंस शीट व टैली सॉफ्टवेयर के लिए विशेषज्ञ की तैनाती जेम पोर्टल के जरिये करने, अभियंत्रण विभाग में कार्यदायी संस्थाओं के जरिये तैनात 200 से अधिक कर्मचारियों को जेम पोर्टल से तैनात करने और सड़क किनारे खुली पार्किंग के संचालन का प्रस्ताव लाया जाएगा। यह पहला मौका होगा जब बैठक नगर निगम मुख्यालय के बजाय शिवरी स्थित कचरा निस्तारण प्लांट पर सुबह नौ बजे से होगी।