कोकोरो आर्ट गैलरी में लगी प्रदर्शनी।
- फोटो : कोकोरो आर्ट गैलरी में लगी प्रदर्शनी।
लखनऊ। कोकोरो आर्ट गैलरी में लगी छापाकार मनोहर लाल भुंगरा की कृतियों पर केंद्रित रेट्रोस्पेक्टिव प्रदर्शनी के चित्रों में जीवन की छाप दिखी। इसमें छापाकला (प्रिंटमेकिंग) की यात्रा को दर्शाया गया। इस प्रदर्शनी का नाम भी छापा… जीवन की छाप दिया गया। प्रदर्शनी का संयोजन क्यूरेटर वंदना सहगल ने किया। उद्घाटन वरिष्ठ छापा कलाकार जय कृष्ण अग्रवाल ने किया। मनोहर लाल भुंगरा ने कला एवं शिल्प महाविद्यालय लखनऊ से अपनी औपचारिक कला शिक्षा प्राप्त की। बाद में वहीं अध्यापन किया । उनकी कृतियां जीवन के सूक्ष्म अनुभवों की अभिव्यक्ति हैं। उनके कार्यों में सर्प, पक्षी, नारी और मछली जैसे रूपांकन होते हैं, जो भारतीय सांस्कृतिक स्मृति से गहराई से जुड़े हैं। क्यूरेटर वंदना सहगल ने बताया कि छापाकला एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें किसी मैट्रिक्स के माध्यम से छवि को कागज या वस्त्र पर स्थानांतरित किया जाता है। प्रदर्शनी में छापाकला के विविध माध्यमों से बनी 51 कृतियां प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी सात जून तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।