लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को राजधानी एक्सप्रेस से बरेली की यात्रा करेंगी। एक महीने के अंदर यह उनकी चौथी रेलयात्रा होगी। शाम में राज्यपाल इसी ट्रेन से लखनऊ लौटेंगी। ऐसे में मंगलवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस के प्लेटफार्म में बदलाव किया जा सकता है। पश्चिम एशिया के तनाव से ईंधन खपत कम करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक यातायात साधनों के उपयोग करने की अपील की थी। इसे देखते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रेल से सफर करना शुरू किया। बीती नौ जुलाई को वह उत्सर्ग एक्सप्रेस से ऐशबाग से कानपुर गईं थी। अगले दिन इसी ट्रेन से लाैटी थीं। इसके बाद वंदे भारत एक्सप्रेस से प्रयागराज व बेगमपुरा एक्सप्रेस से लखनऊ से वाराणसी की यात्रा की थी। रेलवे प्रशासन की ओर से चारबाग स्टेशन पर तैयारियां की गई हैं। स्टेशन से बरेली तक ट्रेन में आरपीएफ एस्काॅर्ट की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।