डीआरडीओ-हज हाउस कोविड अस्पताल को कोरोनाकाल में दिए गए वेंटिलेटर के अस्पतालों में बेकार पड़े होने के मामले में शासन ने नाराजगी जताई है। रविवार सुबह शासन ने डीजी हेल्थ से बंद पड़े वेंटिलेटर के मामले में रिपोर्ट तलब कर ली। जिलों समेत राजधानी के अस्पतालों से बंद पड़े वेंटिलेटर की रिपोर्ट मांगी गई है। किन वजहों से वेंटिलेटर बंद पड़े हैं, मैनपॉवर का कितना संकट है। पूरी रिपोर्ट तैयार करके शासन को भेजी जाएगी।
डीआरडीओ-हज हाउस कोविड अस्पताल के 175 वेंटिलेटर लखनऊ समेत जिलों में बांट दिए गए थे। मैनपावर व विशेषज्ञ न होने से सभी यूनिट बंद चल रही हैं। इस मसले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। प्रमुख चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने रविवार सुबह डीजी हेल्थ समेत सभी जिम्मेदार अफसरों से इस पूरे प्रकरण में रिपोर्ट मांगी है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. लिलि सिंह ने बताया कि जिन भी जिला अस्पतालों में वेंटिलेटर भेजे गए थे, यदि वे वहां क्रियाशील नहीं हैं तो इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।