लखनऊ। हजरतगंज में नौ अक्तूबर को हुए कारोबारी शिवा हत्याकांड मामले में शुक्रवार को हुए सीन रिक्रिएशन की रिपोर्ट फोरेंसिक टीम अपनी विवेचना में शामिल करेगी। इससे जेल में बंद हत्यारोपी श्रद्धा की मुश्किलें और बढ़ेंगी। फोरेंसिक टीम को सीन रिक्रिएशन के दौरान कई ऐसे बिंदु मिले हैं जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट, आरोपियों और गवाहों के बयानों से मेल नहीं खा रहे हैं। टीम अब शिवा के गिरने और डमी के गिरने के तरीके का मिलान सिद्ध करेगी। दरअसल, शिवा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार 90 फीसदी चोटें शरीर के पिछले हिस्से पर थीं। टीम ने जब हत्या की स्थिति में डमी फेंकी तो वह शिवा के गिरने की जगह के पास गिरी। वहीं, आत्महत्या की स्थिति में फेंकी गई डमी उस स्थान से काफी दूर गिरी। फोरेंसिक टीम अब दोनों स्थानों की भिन्नता का विश्लेषण कर रही है।