चंदन के दोस्तों ने बताया कि भदोखर क्षेत्र के उतरपारा निवासी पूनम भारती और आरोपी चंदन वर्मा की नजदीकियां शहर में रहने के दौरान बढ़ीं। पूनम शादीशुदा थी। दो बेटियां भी थीं। इस नजदीकी की जानकारी जब पति सुनील को हुई तो उन्होंने इसका विरोध शुरू किया। इसी वजह से चंदन और महिला के बीच अनबन शुरू हुई। इसपर पूनम ने चंदन के खिलाफ रायबरेली के सदर कोतवाली में छेड़खानी, एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया। मामले में जांच के बाद चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल कर दी गई। इसके बाद शिक्षक अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अमेठी शिफ्ट हो गए, जहां बृहस्पतिवार देर शाम शिक्षक, उनकी पत्नी व दो बेटियों की हत्या कर दी गई।
पूरे घटनाक्रम में चंदन का नाम सामने आया तो हर कोई दंग रह गया। सवाल यही उठ रहा है कि जब चंदन पूनम को चाहता था तो फिर उसने जघन्य घटना को कैसे अंजाम दिया। क्या इस घटना के पीछे चंदन का मकसद कुछ और था या फिर इस घटना के पीछे किसी और का हाथ था? घटना के दौरान सिर्फ चंदन ही घर पर मौजूद था या फिर उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। यह ऐसे सवाल हैं, जिससे घटना पर संदेह बरकरार है।
दोस्त ने बताया, पूनम से शादी करना चाहता था चंदन
रायबरेली सदर कोतवाली पुलिस की पूछताछ में चंदन के एक जिगरी दोस्त ने बताया कि चंदन पूनम से शादी करना चाहता था। पूनम उससे संबेध तो चाहती थी, लेकिन शादी से इन्कार कर दी थी। ऐसे में चंदन उससे नाराज रहने लगा।
चंदन और पूनम की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो में आरोपी चंदन पूनम के साथ दिख रहा है। दोनों की चैटिंग करते फोटो भी वायरल हो रही है। चंदन ने सितंबर में अपने वाट्सएप स्टेटस में लिखा था कि पांच लाशें बिछ जाएंगी। इसका मकसद निकाला जा रहा है कि शिक्षक, उसकी पत्नी, दो बच्चों की हत्या के बाद स्वयं चंदन खुदकुशी करने की सोच रहा था।
बदला लेने की सोच से बढ़ जाती है उत्तेजना : डॉ. योगेंद्र सिंह
जिला अस्पताल के मानसिक रोग विशेष डॉ. योगेंद्र सिंह कहते हैं कि यह संभव है कि कोई किसी को प्यार करे और फिर उस महिला व उसके परिवार की हत्या कर दे। ऐसा इसलिए हो जाता है कि महिला से कुछ ऐसी बातें हो जाती हैं जो प्रेमी को नागवार लगती हैं। ऐसे में प्रेमी में बदला लेने की सोच से उत्तेजना बढ़ जाती है। इसके बाद क्रोध में आकर इस तरह की घटना कर डालता है।