लखनऊ। फैजुल्लागंज की कृष्णा कालोनी में मंगलवार देर रात डाला चालक ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी करने की वजह साफ नहीं हो सकी है। न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
सीतापुर के खैराबाद जलालपुर के बनका गांव निवासी इमरान उर्फ अबरार (26) कृष्णा कालोनी में भाई मुस्तफा संग रहते थे। इमरान डाला चलाते थे। अलीगंज एसीपी वृजनारायण सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े बारह बजे इमरान ने तमंचे से सीने में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर भाई व उनकी पत्नी कमरे में पहुंची। यहां इमरान को खून से लथपथ पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे ट्रामा सेंटर ले गईं, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इमरान अविवाहित और सबसे छोटे थे। एसीपी का कहना है कि परिवार वालों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। तमंचा कहां से लाया गया, इसकी जांच की जा रही है।