धान के खेत में बैरिकेडिंग करके छुट्टा पशुओं से बचाव के लिए प्रवाहित किए जा रहे बिजली करंट की चपेट में आने से शनिवार सुबह 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया गया कि बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के केवटहिया रुरु खास ग्राम पंचायत निवासी रमेश निषाद पुत्र राम कलप निषाद पड़ोसी गांव मगन का पुरवा चंदीपुर नगहरा गांव के पास शनिवार सुबह किसी काम के लिए खेत में गया था और खेत के मेड़ से गुजर रहा था।
इसी दौरान मगन का पुरवा निवासी एक व्यक्ति द्वारा खेत में लगाए गए विद्युत करंट की चपेट में आ गया। और मौके पर ही रमेश निषाद की मौत हो गई।जहां करंट प्रवाहित हो रहा था वह खेत मगन का पुरवा निवासी मनोरम यादव का बताया जाता है।
सूचना मिलने के बाद बीकापुर कोतवाली पुलिस टीम के अलावा इनायत नगर थाना तथा शाहगंज चौकी की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। और जांच पड़ताल शुरू की गई। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करना शुरू कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया।
इस दौरान कई घंटे बीत गए और पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। सूचना मुख्यालय पर दी गई सूचना मिलने के बाद बीकापुर कोतवाल इंद्रेश यादव कई उपनिरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इनायत नगर थाना अध्यक्ष विजय सेन, शाहगंज पुलिस चौकी प्रभारी जय किशोर अवस्थी, विद्युत उपखंड बीकापुर के एसडीओ मनोज कुमार मौर्य तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर भी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन नाराज लोग शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार नहीं हुए तथा शाम करीब 3 बजे मृतक के शव को ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर प्रदर्शन करने के लिए विद्युत उपखंड बीकापुर के लिए रवाना हो गए।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों द्वारा जिला मुख्यालय पर सूचना दिए जाने के बाद एसपी सिटी विजयपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा शव को लेकर विद्युत उपखंड बीकापुर ट्रैक्टर ट्राली से आ रहे लोगों को रास्ते में रोककर समझाने बुझाने का प्रयास अभी चल रहा है। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि राजेश गौड़ निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष आसाराम निषाद, सर्वादीन निषाद सहित निषाद समुदाय के तमाम लोग शामिल है।
समाचार प्रेषण तक पोस्टमार्टम भेज जाने के लिए अधिकारियों द्वारा कारवाही का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को समझाया जा रहा है। प्रधान प्रतिनिधि राजेश गौड़ ने बताया कि मृतक रमेश निषाद पुत्र राम कलर निषाद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था सभी भाई अलग रहते हैं। मृतक का परिवार बहुत गरीब है मजदूरी करता था। मृतक के पत्नी की बीमारी के चलते 3 माह पूर्व मौत हो चुकी है। परिवार में तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। जिसमें एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। परिवार की आर्थिक हालत बहुत ही खराब है।
युवक की मौत से उसके बच्चे अंशिका 14 वर्ष, सचिन ने 11 वर्ष तथा रुचि नववर्ष अनाथ हो गए हैं बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। बीकापुर कोतवाल इंद्रेश यादव ने बताया कि अभी आक्रोशित लोगों को समझाया रहा है। और थानो फोर्स बुलाई गई है।