पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। खेत से काम कर लौट रहे हुसैनपुरवा के ग्रामीणों को शुक्रवार शाम चक मार्ग किनारे झाड़ियों में एक नवजात का शव दिखा। राजपुर चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। पुलिस नवजात के परिजनों की तलाश कर रही है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के राजपुर चौकी अंतर्गत ग्राम भरथा कला के मजरा हुसैनपुर के ग्रामीण शुक्रवार शाम खेत से काम कर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने देखा कि गांव जाने वाले चकमार्ग किनारे झाड़ी में एक नवजात बालक का शव पड़ा है। जो कुछ देर पूर्व जन्मा प्रतीत हो रहा था। ग्रामीणों ने सूचना ग्राम प्रधान व ग्राम प्रहरी को दी। प्रधान की सूचना पर पहुंची राजपुर चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। थानाध्यक्ष सिरसिया गौरव सिंह ने बताया कि प्रतीत होता है कि नवजात को जन्म के बाद कपड़े में लपेट कर झाड़ी में फेंका गया हो। कपड़े के आधार पर नवजात के परिजनों की तलाश की जा रही है।