लखनऊ। डालीगंज स्थित पौराणिक श्री बंदी माता मंदिर का 44वां वार्षिकोत्सव सोमवार से शुरू होगा और दो अगस्त तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। पहले दिन सुबह नौ बजे जूना अखाड़ा के उपाध्यक्ष महंत देवेंद्र पुरीजी महाराज के नेतृत्व में श्री बंदी माता मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर एक बजे महंत पूजा पुरी के सान्निध्य में नैमिषारण्य से आए आचार्यों की ओर से सप्तचंडी महायज्ञ शुरू होगा। शाम पांच बजे वृंदावन की कथावाचक रोली शास्त्री कथा का शुभारंभ करेंगी। विधायक डॉ. नीरज बोरा, पार्षद रणजीत सिंह और पूर्व पार्षद रेखा रोशनी दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का उद्घाटन करेंगे। शाम सात बजे राकेश लक्खा की भजन संध्या और रात नौ बजे रासलीला का मंचन होगा।