रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के बहराना मजरे टीसाखानापुर गांव में बुधवार शाम गांव के बाहर बने आश्रम के बगल में रखे छप्पर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे छप्पर के नीचे खड़ी कार व बाइक सहित गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
गांव निवासी राम प्रसाद यादव गांव के बाहर बने एक आश्रम में परिवार सहित रहता है। बुधवार की शाम 4.30 बजे आश्रम के बगल में रखे छप्पर में अचानक आग लग गई। चीख पुकार पर जब तक गांव से ग्रामीण आश्रम पर पहुंचकर आग पर काबू पाते, तब तक छप्पर के नीचे खड़ी एक कार, एक बाइक, एक रिक्शा, एक साइकिल सहित गृहस्थी का समान जल गया।
मामले में महराजगंज एसडीएम राजित राम गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली है। हल्का लेखपाल रणविजय सिंह को मौके पर भेजा गया है। जांच करवाकर पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।