रायबरेली। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दो दिन से मौसम बदल गया है। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। एक बार फिर सर्दी और गलन ने लोगों को परेशान कर दिया है। पिछले 24 घंटे के दौरान 15 घंटे तक रिमझिम बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट हुई। जलभराव और कीचड़ होने से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी दो दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
रविवार रात को बारिश होना शुरू हुई जो सोमवार को सुबह 10 बजे तक होती रही। पूरी रात बारिश होने से शहर के हर मोहल्ले में जलभराव हो गया। सोमवार सुबह 10 बजे के बाद बारिश बंद हुई तो लोगों को राहत मिली। बारिश होने से स्कूल जाने वाले बच्चों को दिक्कत हुई। कामकाजी लोगों को भी समस्या का सामना करना पड़ा।
पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। फरवरी के पहले सप्ताह में इतनी बारिश औसत से बहुत अधिक है। बारिश के कारण सर्दी ने फिर से पलटवार किया है। तापमान गिरने से लोगों को सर्दी से दो चार होना पड़ रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहा। दोनों तापमान औसत से दो डिग्री कम रहे।
सरसों और अरहर की फसल को नुकसान
लगातार बारिश से खेतों में पानी भरने से सरसों और अरहर के खेत में पानी भर गया है। जिससे किसानों को डर है कि फसल के तने में नमी अधिक पहुंचने से रोग लग सकता है। कुछ किसानों का कहना है कि सरसों की फसल पर कोहरा का जो असर था वह बारिश से खत्म हो गया है लेकिन फूल गिरने से नुकसान है। यदि दो दिन बारिश हुई और धूप नहीं निकली तो अधिक नुकसान की संभावना है। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय का कहना है कि बारिश से तिलहन और दलहन की फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम साफ होने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।
सीवर लाइन बिछने से भी मोहल्ले में जलजमाव
शहर में इन दिनों सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस कारण जगह-जगह सीवरलाइन के पाइप डाले जा रहे हैं। बारिश होने से जिन मोहल्लों में सीवरलाइन के पाइप डाले गए हैं वहां की हालत बद से बदतर हो गई है। बारिश से सड़क पर कीचड़ का ढेर एकत्र हो गया है। जिस पर चलना भी मुश्किल है। शहर के सर्वोदय नगर, जेल रोड, घोसियाना सहित आठ से दस मोहल्लों में सोमवार को लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया।
अभी मौसम साफ होने की उम्मीद कम
मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है जिस कारण पांच दिनों तक मौसम के साफ होने की संभावना कम है। रायबरेली में मंगलवार को बारिश की संभावना कम है लेकिन आसमान पूरी तरह से खुला नहीं होगा। यदि धूप निकलती है तो फिर से बारिश के हालात बनेंगे और बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।