लखनऊ। मदेयगंज इलाके में बहन से कार्टून चैनल देखने को लेकर हुए झगड़े के चलते पड़ी डांट से नाराज 15 साल के अभिषेक कुमार ने फांसी लगा ली। शुक्रवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। हादसे के बाद से पूरा परिवार सदमे में है।
मदेयगंज के बादशाहजी बाग इलाके में प्राइवेट कंपनी कर्मी सुरेश परिवार संग रहते हैं। उनका बेटा अभिषेक कुमार सरकारी स्कूल से कक्षा आठ का छात्र था।
सुरेश के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात अभिषेक का अपनी बहन से टीवी देखने को लेकर झगड़ा हुआ। बेटी अपनी मनपसंद कार्यक्रम देखने की बात कह रही थी जबकि अभिषेक कार्टून देखने की जिद कर रहा था। इस दौरान परिजन ने अभिषेक को डांट दिया।
इससे क्षुब्ध होकर वह अपने कमरे में चला गया। शुक्रवार सुबह मां शालिनी जब उसे जगाने गई तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में अभिषेक का शव फंदे से लटकता मिला। यह देखते ही कोहराम मच गया। किशोर अभिषेक चार भाई बहनों में तीसरे नंबर पर था।