गंगा नदी से जुड़ा था नाला, जलस्तर बढ़ने से तेज था पानी का बहावपीड़ित परिवार ने जताई नाराजगी, कहा नाव लगी होती तो बच जाता बेटा
फोटो संख्या 29
डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को खेत जा रहे युवक की नाले में डूबकर मौत हो गई। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंबहा मजरे डलमऊ गांव निवासी सुजीत कुमार का बेटा महेंद्र कुमार (11) कान्हा ग्राम स्थित शंभू मुखिया पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था।
विद्यालय से आने के बाद गांव के अन्य बच्चों को साथ लेकर गंगा कटरी क्षेत्र स्थित अपने खेत की ओर चला गया। रास्ते में खेतों तक पहुंचाने के लिए गंगा नदी से जुड़े नाला बना है। गंगा नदी के जलस्तर बढऩे से नाला तेज बहाव के साथ बह रहा था। नाला पार करते समय महेंद्र गहराई वाले स्थान पर चला गया और डूब गया। अन्य बच्चे गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उपजिलाधिकारी डलमऊ अभिषेक कुमार वर्मा और तहसीलदार डलमऊ अजय कुमार ने परिजनों को सांत्वना देते हुए सरकारी मदद दिलाने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए बच्चों को बाढ़ के समय कटरी क्षेत्र में न जाने की बात कही।
मृतक के पिता सुजीत कुमार ने बताया कि यदि क्षेत्रीय प्रशासन द्वारा बाढ़ के समय नाला पार करने के लिए नाव की व्यवस्था कराई जाती तो शायद उनका बेटा जिंदा होता। गांव के बच्चे खेतों तक जाने के लिए नाले को पार करते हैं। गंगा नदी का पानी नाले में पहुंच रहा है। इससे पानी का बहाव तेज हो गया है। मां सरोज देवी के आंसू नहीं थम रहे हैं। मृतक महेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था। कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।