लखनऊ। काकोरी से अपहृत किशोरी और उसका भागा ले जाने वाले युवक को लेकर लौट रही काकोरी पुलिस की अभिरक्षा में दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गाड़ी में दोनों को उल्टियां शुरू होने के बाद पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। दोनों काे आगरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
काकोरी थाने में 30 मार्च को एक किशोरी के लापता होने का केस दर्ज किया गया था। पिता ने बेटी के अपहरण की आशंका जताई थी। सर्विलांस की मदद से काकोरी पुलिस को पता चला कि गुड्डू नामक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया है। आरोपी का मोबाइल नंबर ट्रेस करने पर लोकेशन नोएडा में मिली। बृहस्पतिवार को काकोरी थाने से एक दरोगा, दो अंडर ट्रेनी दरोगा और दो महिला सिपाही प्राइवेट गाड़ी से नोएडा पहुंचे। शुक्रवार को पुलिस ने किशोरी को बरामद करते हुए आरोपी गुड्डू को पकड़ा।
पुलिस टीम दोनों को गाड़ी से लेकर लखनऊ लौट रही थी। यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल पर दोनों को कार में उल्टियां शुरू हो गईं। दोनों को आगरा के हरीपर्वत इलाके में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर किशोरी के परिजन अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस के सामने नहीं खाया जहरीला पदार्थ : डीसीपी पश्चिम
डीसीपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार का कहना है कि दोनों ने पुलिस की मौजूदगी में कोई जहरीला पदार्थ नहीं खाया था। दोनों ने पहले से ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया और रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। समय रहते दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है। शनिवार को पुलिस दोनों को लखनऊ ले आएगी।