- एकेटीयू के संबद्धता मामले के निस्तारण में देरी के चलते लविवि ने लिया फैसला
- जेईई-मेंस व सीयूईटी देने वाले अभ्यर्थी सात सितंबर तक करा सकते हैं पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय बीटेक, एमसीए और बीफॉर्मा की सभी सीटों पर अब खुद दाखिले करेगा। अभी तक इन पाठ्यक्रमों की ज्यादातर सीटों पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के माध्यम से दाखिले होते थे। एकेटीयू के संबद्धता मामले के निस्तारण में देरी के चलते लविवि प्रशासन ने यह फैसला लिया है। दाखिले के लिए जेईई-मेंस और सीयूईटी देने वाले अभ्यर्थी सात सितंबर तक लविवि की वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं।
एकेटीयू में प्राविधिक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को संबद्धता देने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है। यह तारीख बीतने के बाद भी कॉलेजों के मान्यता प्रकरण का निपटारा नहीं हो सका है। इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट गए एकेटीयू को कोई राहत नहीं मिल सकी। इसकी वजह से एकेटीयू की काउंसिलिंग से दाखिला लेने वाले कॉलेज और विवि परेशान हैं। विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए होने वाली समस्याओं को देखते हुए लविवि ने बची हुई शेष सीटें भी अपने स्तर भरने का निर्णय कर लिया है। अभ्यर्थी को आवेदन करने के लिए लविवि की वेबसाइट के एडमिशन पेज में जाकर बीटेक और बीफार्मा पेज पर आवेदन करना है। किसी तरह की समस्या आने पर प्रवेश समन्वयक कार्यालय में संपर्क करना होगा।
इन कोर्सों में प्रवेश के लिए मांगे आवेदन
बीटेक सीएस एंड इंजीनियरिंग, बीटेक सीएस एंड इंजीनियरिंग (एआई), मेकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रानिक एंड कम्यूनिकेशन, इलेक्ट्राॅनिक इंजीनियरिंग, एमसीए, बीफार्मा।
कोट-
एकेटीयू से काउंसिलिंग प्रक्रिया में देरी के चलते छात्रों को प्रवेश के लिए होती समस्या को देखते हुए लविवि ने समस्त सीटें अपने स्तर भरने का निर्णय लिया है। इसके लिए जेईई मेंस और सीयूईटी की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी सात सितंबर तक वेबसाइट पर पंजीकरण करवा सकते हैं। -डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव प्रवक्ता लविवि