प्रदेश को अगले साल पांच नए सरकारी मेडिकल कालेज और मिल जाएंगे। इनमें जल्द ही टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इसके बाद नवंबर में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) बहराइच, फैजाबाद, फिरोजाबाद, बस्ती और शाहजहांपुर में मेडिकल कॉलेजों को चलाने की अनुमति दे सकती है। यह जानकारी चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में दी गई। मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय भी मौजूद थे।
वित्त विभाग के अफसरों के साथ हुई इस बैठक में बताया गया कि इन मेडिकल कालेजों और पुराने मेडिकल कॉलेजों की सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक में आई बाधाओं को दूर कर लिया गया है। पांचों मेडिकल कॉलेज में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय भी लिया गया।
तय किया गया कि नवंबर में एमसीआई की टीम के दौरे से पहले इन मेडिकल कॉलेजों के टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ के पद सृजित कर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इन मेडिकल कॉलेजों में अगले सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू की जाएगी। ऐसे में एमसीआई के सारे मानक इसी साल पूरे कर लिए जाएं।