श्रावस्ती। डिजिटलाइजेशन के विरोध में शिक्षकों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट व बीएसए कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने बीएसए तथा अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय में भी धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाल करने, राज्य कर्मचारियों के समान 31 उपार्जित अवकाश, 12 द्वितीय शनिवार अवकाश, अर्द्ध आकस्मिक अवकाश, प्रतिकर व अध्ययन अवकाश, वरिष्ठता के अनुसार अंतर्जनपदीय, गृह जनपदीय ट्रांसफर सहित अन्य मांगे पूरी करने की मांग की। इस दौरान शिक्षकों ने बीएसए अजय गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर विनय कुमार पांडेय, अनूप श्रीवास्तव, अरुण कुमार मिश्रा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
वहीं कलेक्ट्रेट में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश के बैनर तले शिक्षकों ने धरना दिया। इसके बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरुण कुमार को सौंपा। जिसमें शिक्षकों ने पदोन्नति प्रक्रिया बहाल करने, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को नियमित करने सहित अन्य मांगे पूरी करने की मांग की। इस मौके पर संदीप कुमार मिश्रा, संतोष सोनी, मुनव्वर मिर्जा, कर्मवीर राणा व बीनू राजपूत सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।