रायबरेली। नगर निकाय चुनाव में भाग्य आजमाने के लिए उतरे प्रत्याशियों के खर्च के आकलन के लिए सामग्रियों की रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। एक बार चार और समोसा खाने पर 16 रुपये खर्च जुड़ेगा। 75 रुपये में भोजन और 25 रुपये में नाश्ता मिलेगा। इसके अलावा एक दिन के लिए ई-रिक्शा 400 रुपये, टैंपो 500 रुपये और तीन सीटर सोफा 250 रुपये में मिलेगा। लग्जरी वाहन का प्रयोग करने पर 1565 रुपये हर रोज खर्च में जुड़ेगा। इसमें डीजल अलग से जोड़ा जाएगा।
एक नगर पालिका व नौ नगर पंचायतों के लिए नामांकनपत्रों की जांच का काम पूरा हो गया है। 20 अप्रैल को नामवापसी के बाद 21 अप्रैल को चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा। प्रत्याशियों के अधिकतम खर्च की सीमा भी तय हो गई है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने चुनाव में खर्च होने वाली सामग्रियों की रेट लिस्ट जारी कर दी है। बुके 200 रुपये, गुलाब की माला 50 रुपये, गेंदे की माला 20 रुपये में मिलेगी। इसके अलावा ई-रिक्शा 400 रुपये, टैंपो 500 रुपये, लग्जरी गाड़ियां 1565 रुपये में मिलेगी। लग्जरी गाड़ियों में डीजल अलग से देना होगा।
एसी 1250 रुपये और 131 रुपये में कूलर एक दिन के लिए मिलेगा। कुर्सी पाइप वाली 300 और फाइबर वाली कुर्सी 500 रुपये प्रति सैकड़ा मिलेगी। वीआईपी कुर्सी 25 रुपये की एक, दो सीटर सोफा 85 रुपये और तीन सीटर सोफा 250 रुपये में मिलेगा। इसके अलावा टेंट के अन्य सामग्रियों के रेट भी तय कर दिए गए है। इसी रेट के हिसाब से प्रत्याशियों के खर्च का ब्योरा तैयार किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नौ लाख और सदस्य पद के प्रत्याशी ढाई लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी अधिकतम 2.5 लाख रुपये और सभासद के प्रत्याशी अधिकतम 50 हजार रुपये इस बार खर्च करेंगे। कोई भी प्रत्याशी तय सीमा से अधिक खर्च नहीं करेगा।
वरिष्ठ कोषाधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि दो लाख रुपये से अधिक की धनराशि नगद लेकर चलने वाले लोगों को रुपये के संबंध में कागजात अपने साथ रखने होंगे। यदि कागजात नहीं होगा तो धनराशि को टीम जब्त कर लेगी, इसलिए दो लाख से अधिक रुपये लेकर चलने वाले लोग रुपये से संबंधित साक्ष्य जरूर अपने साथ रखें।