लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के पूरे देवी मोहल्ला स्थित डेयरी के टैंकर चालक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। वहीं, चालक को गंभीर हालत में दो कार सवार युवक अस्पताल में पहुंचाने के बाद भाग गए हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। इसके लिए डेयरी संचालक से भी संपर्क किया गया।
अलीगढ़ जनपद के हीरापुर गोपी निवासी मनोज कुमार (45) पुत्र नेत्रपाल सिंह आनंदा दूध डेयरी के टैंकर चालक थे। वह फतेहपुर के जहानाबाद से प्रतिदिन टैंकर से दूध लेकर लक्ष्मी कोल्ड स्टोर परिसर स्थित दूध डेयरी में लाने-जाने का काम करते थे। रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे कार सवार दो युवकों ने उन्हें खून से लथपथ अवस्था में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार सवार युवक मृतक को अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
डॉक्टर ने मेमो के जरिए घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पड़ताल शुरू कर दी है। इमरजेंसी में तैनात डॉ. कुमार विमल के मुताबिक मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। मुंह और नाक से रिसा खून जम चुका था। भर्ती कराने वाले व्यक्ति ने बताया था कि उन्हें गिरने से गंभीर चोट आई थी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना के संबंध में डेयरी के प्रबंधक से संपर्क किया जा रहा है। जरूरी साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।