रायबरेली। नगर पंचायत परशदेपुर के अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी को नामांकन पत्र वापस लेने की धमकी दी गई है। साथ ही कहा गया है कि यदि पर्चा वापस नहीं लिया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। निर्दलीय प्रत्याशी की पत्नी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रत्याशी के घर पर दो सिपाहियों की तैनाती कर दी गई है।
नगर पंचायत परशदेपुर कस्बा की रहने वाली गुड़िया कौशल ने जिला निर्वाचन अधिकारी माला श्रीवास्तव को पत्र देकर बताया कि उसके पति विनोद कुमार कौशल अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी हैं। कुछ लोग घर आते हैं और धमकी देते हैं कि अपने पति से कह दो कि नामांकन पत्र वापस ले लें, अन्यथा इसका नतीजा भुगतना पड़़ेगा। बच्चों को जानमाल की धमकी दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। थानेदार प्रवीर गौतम ने बताया कि एहतियातन घर पर दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। निर्दलीय प्रत्याशी विनोद कुमार कौशल की पत्नी गुड़िया देवी की शिकायत पर दो सिपाहियों की तैनाती कर दी गई है। घटना की जांच कराई जा रही है।