तेलीबाग। पीजीआई के हरिकंशगढ़ी निवासी संतोषी ने तीन ठगों पर जेवर ठगने का आरोप लगाया है। उन्होंने पीजीआई थाने में तहरीर दी है।
संतोषी के मुताबिक शनिवार शाम करीब छह बजे वह बहू के मंगलसूत्र का लॉकेट ठीक कराने डेंटल चौराहे के पास गई थीं। वहां उन्हें दो युवती और एक युवक मिला। युवतियों ने उनसे युवक की मदद करने की विनती की। उन्होंने बताया कि युवक के मालिक ने उसे पीटकर भगा दिया। वेतन नहीं देने पर वह मालिक के पांच लाख रुपये लेकर भाग आया है। ठगों ने उन्हें पांच लाख रुपये लेकर युवक को सोने की चेन और लॉकेट देने का लालच दिया। उन्होंने हामी भर दी और अपने जेवर ठगों को दे दिए। ठग ने बदले में कागज में लिपटा बंडल दिया, जिसमें बाद में रद्दी निकली। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।