भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा ‘समाजवादी इत्र’ लॉन्च किए जाने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि इस ‘इत्र’ से सपा द्वारा फैलाई गई भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, गुंडाराज, सरकारी धन का लूट रूपी दुर्गंध नहीं मिटेगी। उन्होंने कहा कि सपा द्वारा अपराधी व अपराध को दिए जा रहे संरक्षण से उत्पन्न विषैली गंध मिटने वाली नहीं है। इससे त्रस्त होकर ही जनता ने सपा को सत्ता से बेदखल किया था। प्रदेश की जनता अब दोबारा समाजवादी पार्टी के गुंडाराज व भ्रष्टाचार के जहरीले कॉकटेल को मौका नहीं देने वाली।
स्वतंत्र देव ने कहा कि अखिलेश चाहे जितना भी इत्र लगा लें, अब जनता उनकी तरफ आकर्षित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी अभी तक भूलें नहीं हैं कि सपा कार्यकाल में किस प्रकार गुंडे, माफियाओं का महिमा मंडन होता था। मंत्रियों की गाड़ियों में माफिया घूमते थे और सरकार आतंकवादियों के मुकदमे वापस ले रही थी।
अब जब माफिया और गुंडों पर योगी सरकार कार्रवाई कर रही है। आज अपराधी खुद थानों में सरेंडर कर रहे हैं तो सपा मुखिया को दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि असलियत यह है कि जो 24 घंटे मोहम्मद अली जिन्ना के नाम की माला जपता हो उसे प्रदेश का विकास कभी नहीं दिख सकता। उसे तो सिर्फ विभाजन के ही स्वप्न दिखाई देते है।
अखिलेश का इत्र सुगंध नहीं गंध फैलाएगा: सिद्धार्थनाथ
सिद्धार्थनाथ सिंह।
कैबिनेट मंत्री व राज्य सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का इत्र नफरत, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व भाई-भतीजावाद की गंध ही फैलाएगा। सुंगध तो कतई नहीं। उनके इस इत्र की ब्रांडिंग में लोहिया और जयप्रकाश के समाजवाद की खुशबू आने से रही।
अखिलेश यादव के ‘समाजवादी इत्र’ की लांचिंग पर तंज कसते हुए सिद्धार्थनाथ सिंह ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि जिन्ना को सरदार पटेल के समकक्ष साबित करने की कुत्सित मानसिकता रखने वाले समाज में सौहार्द्र की महक फैलाने की बात आखिर किस मुंह से करते हैं। जिसे देश को तोड़ने वाले और देश को जोड़ने वाले के बीच अंतर ही पता नहीं है उसका इत्र भी समाज और देश के बीच बंटवारे की ही बदबू फैलाएगा।
बता दें कि ‘समाजवादी इत्र’ को लेकर अखिलेश यादव ने एक ट्वीट में लिखा, ‘इसलिए तोहफे में दी है सबको महक, क्योंकि न देता है खुशबू झूठ का फू ल।’ इसके जवाब में सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि बेहतर होता कि अखिलेश यादव इस इत्र को समाजवादी की बजाय जिन्ना, तालिबान, नफरत या सैफई ब्रांड से लांच करते क्योंकि यह उनका यह इत्र तुष्टिकरण की राजनीति पर फुहारे के लिए है।
संजय सिंह बयानवीर व झूठे
एक अन्य बयान में सिद्धार्थनाथ ने आम आदमी पार्टी (आप) के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को बयानवीर और झूठा नेता बताया है। संजय सिंह अखबारों में अपना नाम छपवाने के लिए झूठे आरोप लगाते हैं और बयानबाजी करते हैं। वास्तव में प्रदेश सरकार के जिन कार्यों को जनता पसंद करती है उन पर सवाल उठाते हैं ताकि सूबे की जनता उन्हें नोटिस करे।
आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल सहित यह पार्टी हर झूठे बयान देने और झूठे आरोप लगाने में माहिर है। झूठे आरोप लगाने के लिए केजरीवाल ने माफी तक मांगी है। जनता यह भी देख रही है कि दिल्ली में छठ पूजा कर रही महिलाएं यमुना के दूषित जल में नहाने को मजबूर हैं। दिल्ली सरकार द्वारा यमुना नदी को साफ कराने में दिखाई गई लापरवाही के चलते यमुना नदी प्रदूषण मुक्त नहीं हो सकी। महिलाओं को पूजा करने के लिए नदी का एक साफ़ घाट भी नसीब नहीं हुआ है।